भीषण गर्मी में मूक पक्षियों के लिए परिंडे बांध दाना-पानी की व्यवस्था

भीलवाड़ा समाचार 
आकोला (रमेश चंद्र डाड)भीषण गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यूएमडीएस गोलचा फाउंडेशन राजगढ़ द्वारा “बेजुबान पक्षियों का सहारा अभियान” चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर पेड़-पौधों पर परिंडे बांधकर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की गई तथा नियमित रूप से पानी भरने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान राजगढ़ मैनेजर राजेन्द्र सिंह ने कहा कि तेज गर्मी में पक्षियों के लिए दाना-पानी मिलना बेहद कठिन हो जाता है। पानी और भोजन के अभाव में कई बेजुबान पक्षी दम तोड़ देते हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाकर पक्षियों की सेवा करनी चाहिए।
इससे पूर्व पर्यावरण प्रेमियों ने हाथों में परिंडे लेकर रैली निकाली और लोगों से अधिक से अधिक सार्वजनिक स्थानों व आबादी क्षेत्रों में परिंडे लगाने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि यदि सभी लोग इस पुण्य कार्य में अपनी भागीदारी निभाएं तो हजारों प्यासे पक्षियों की जान बचाई जा सकती है।
इस अवसर पर राजेन्द्र सिंह, लवलेश कुमार, लोकेश उपाध्यक्ष, महेश शर्मा, मुकेश शर्मा, राम सिंह, रामप्रसाद बारेठ, जगदीश गुर्जर, शंभूलाल गुर्जर, राजेन्द्र मीणा, भागचंद, घनश्याम, रामकिशन धाकड़, त्रिलोक मीणा सहित कई पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।